बड़ा पंचायत के जोल सरूहूं गांव के निवासी मटमैला पानी पीने को मजबूर
उपमंडल नादौन की बड़ा पंचायत के जोल सरूहूं गांव के निवासी वर्तमान समय में मटमैला पानी पीने पर मजबूर हैं। उक्त गांव के लोगों का कहना हैं कि पिछले लगभग 20 दिनों से उनके गांव में जलशक्ति विभाग द्वारा पानी की सुविधा के लिए लगाए गए नलों से मटमैला पानी आने से उन्हें वर्तमान समय में स्वच्छ पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। उक्त गांव के निवासी लेख राज के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में शामिल ज्ञान चंद, देव राज, निर्मल सिंह, किशन चंद आदि ने बताया कि वर्तमान समय में पंचायत बड़ा के उपप्रधान अशोक कुमार (रिंटू) उनके गांव को अपनी जेब से अपने ट्रैक्टर के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध करवा हैं। लोगों ने यह भी बताया कि उनके गांवों में आए दिन पेयजल समस्या की किल्लत रहती है। हर वर्ष गर्मियों एवं बरसात के मौसम में उन्हें भारी पेयजल समस्या का सामना करना पड़ता है। उनकी इस समस्या के हल के लिए कई बार गांव वासियों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से आवाज उठाई, लेकिन आज दिन उनकी इस समस्या का कोई स्थायी हल नहीं हो पाया है। गांववासियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से उनके गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की जोरदार मांग की है। इस बारे में बड़ा पंचायत के उपप्रधान अशोक कुमार ने गांव वासियों की इस समस्या की पूर्ण रूप से पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से गांव वासियों की इस समस्या का स्थायी समाधान करने का विशेष आग्रह किया है।
क्या कहते हैं जलशक्ति विभाग के अधिकारी
इस बारे में जल शक्ति विभाग के नादौन स्थित कार्यालय के अधिकारी (एस डी ओ ) अमित चौधरी से बात की जाती हैं तो उनका कहना हैं कि इस बारे में विभाग के पास कोई. भी लिखित शिकायत नहीं आई हैं अगर फिर भी लोगों. को इस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं तो उसका समाधान किया जाएगा।












