बीच रास्ते में बंद हुई लो फ्लोर बस, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
सुंदरनगर-किलिंग रूट पर फिर खराब हुई बस, लोगों ने प्रशासन से लगाई बेहतर बस चलाने की गुहार
अनंत ज्ञान, सुंदरनगर।
सुंदरनगर डिपो की सुंदरनगर-किलिंग रूट पर चलने वाली एक लो फ्लोर बस बीच रास्ते में अचानक खराब होकर बंद हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार बस सुंदरनगर से अपने निर्धारित रूट पर रवाना हुई थी, लेकिन चौक गांव के पुल के समीप पहुंचते ही अचानक बंद हो गई और आगे नहीं बढ़ सकी।
बस के अचानक रुक जाने से यात्रियों को काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। बस में मौजूद यात्रियों ने बताया कि इस रूट पर चलने वाली अधिकांश बसें कुछ ही दिनों में खराब हो जाती हैं। लोगों का आरोप है कि अड्डा प्रभारी जानबूझकर इस रूट पर पुरानी और खटारा लो फ्लोर बसें भेजते हैं, जिसके कारण बार-बार ऐसी स्थिति पैदा हो रही है।
यात्रियों ने कहा कि प्रशासन को भी यह अच्छी तरह पता है कि ये बसें रास्ते में कहीं भी बंद हो जाती हैं, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। यात्रियों का कहना था कि बस अभी चढ़ाई वाले क्षेत्र में पहुंची भी नहीं थी और उससे पहले ही उसने जवाब दे दिया। यदि बस किसी कठिन चढ़ाई या सुनसान क्षेत्र में बंद होती तो यात्रियों को और अधिक परेशानी झेलनी पड़ सकती थी।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने उपायुक्त मंडी तथा परिवहन विभाग से मांग की है कि सुंदरनगर-किलिंग रूट पर अच्छी और सही हालत वाली बसें लगाई जाएं, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।






