कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के गृह जिले में भाजपा का परचम, जिला परिषद पर फिर कब्जा
नाहन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के गृह जिला सिरमौर में भाजपा ने एक बार फिर अपना राजनीतिक वर्चस्व साबित करते हुए जिला परिषद पर कब्जा बरकरार रखा है। जिला परिषद अध्यक्ष पद पर ददाहू वार्ड से भाजपा समर्थित शिवानी और उपाध्यक्ष पद पर सराहां वार्ड से भाजपा समर्थित बलदेव सिंह भंडारी निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही जिला परिषद सिरमौर पर लगातार दूसरी बार भाजपा का नियंत्रण कायम रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न चुनाव प्रक्रिया में 17 सदस्यीय जिला परिषद के 13 भाजपा समर्थित सदस्य मौजूद रहे, जबकि कांग्रेस समर्थित तीन सदस्य और एक निर्दलीय सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए। कोरम पूरा होने के बाद भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप और पूर्व विधायक बलदेव तोमर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे जनता के विश्वास, विकास और सुशासन की जीत बताते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को लगातार मिल रहा समर्थन कांग्रेस सरकार की नीतियों के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत है।
डॉ. बिंदल ने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी जिला सिरमौर के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तिकरण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे।






