चिंतपूर्णी मंदिर रोड पर मनमानी महंगी पड़ी: स्कॉर्पियो चालक ने तोड़ा नियम, मचाया हड़कंप, ₹20,000 का चालान
चिंतपूर्णी मंदिर रोड पर रविवार को एक स्कॉर्पियो चालक को मनमानी महंगी पड़ी। ट्रैफिक पुलिस ने उसका 20,000 का चालान काटा। जानकारी के मुताबिक चालक गाड़ी लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया और मंदिर की तरफ जाने लगा। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक ने लाइनों में खड़े श्रद्धालुओं को खासा परेशान किया और व्यवस्था भी खराब कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालान काटा।चिंतपूर्णी पुलिस थाना के ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा ने बताया कि उन्हें किसी स्थानीय दुकानदार ने फोन किया कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी चालक अपने परिवार के साथ बैठकर मंदिर की तरफ श्रद्धालुओं की लाइनों में घुसते हुए जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को खासी परेशानी हुई और कतारों की व्यवस्था भी बिगड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। इससे अन्य लोगों को भी सबक मिलेगा कि वे मंदिर परिसर में नियमों का पालन करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखें। मंदिर अधिकार अजय मंडियाल ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं। मंदिर परिसर में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।












