कंगना रनौत बोलीं- “मैं छुपकर शादी नहीं करूंगी”, वायरल तस्वीरों पर तोड़ी चुप्पी
मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद व फिल्म अभिनेत्री कंगना रणाैत ने अपनी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में वायरल हुई तस्वीरों के बाद चर्चा तेज हो गई थी कि कंगना ने गुपचुप शादी कर ली है। अब अभिनेत्री ने खुद सामने आकर इन खबरों को अफवाह करार दिया है। कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह छुपकर शादी नहीं करेंगी।
उन्होंने फैंस से वादा करते हुए कहा कि जब भी वह शादी करेंगी, सभी को इसकी जानकारी देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि एक अभिनेता को अलग-अलग तरह के किरदार निभाने पड़ते हैं और किसी फिल्मी गेटअप को निजी जिंदगी से जोड़ना सही नहीं है। दरअसल, सोशल मीडिया पर कंगना की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हुई थीं।
इन तस्वीरों में वह पारंपरिक हरे रंग की चूड़ियां और गले में मंगलसूत्र पहने नजर आईं थीं। तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह के कयास लगाने लगे। इन चर्चाओं के बीच कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर सफाई दी। उन्होंने बताया कि वह इन दिनों मुंबई में आगामी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। शूटिंग के दौरान उनके फिल्मी किरदार वाले लुक में किसी ने तस्वीरें खींच लीं, जिसके बाद लगातार उन्हें फोन और संदेश आने लगे।






