नशा तस्करी में संलिप्त 5 सरकारी कर्मचारी बर्खास्त, 4 और पर लटकी कार्रवाई की तलवार
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त पाए गए सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए पांच कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वहीं, चार अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई पूरी कर उनकी बर्खास्तगी की सिफारिश सरकार को भेजी गई है। यह कार्रवाई बिलासपुर जिला प्रशासन की रिपोर्ट और सिफारिश के आधार पर की गई है।
जांच में सामने आया कि बर्खास्त किए गए कर्मचारी नशीले पदार्थों से जुड़े गंभीर मामलों में संलिप्त थे। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और कई मामलों में जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशासन की ओर से पूरी रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद सरकार ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार की नशे के खिलाफ नीति जीरो टॉलरेंस पर आधारित है। सरकारी सेवा में रहते हुए किसी भी कर्मचारी की नशे के कारोबार या इससे जुड़े मामलों में संलिप्तता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चार अन्य कर्मचारियों के मामलों में विभागीय प्रक्रिया पूरी कर सरकार को अंतिम निर्णय के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इनके खिलाफ भी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सकती है।






