बिजली महादेव के दरबार पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, पैदल चढ़ाई कर किए भगवान शिव के दर्शन
कुल्लू: बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत इन दिनों कुल्लू दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने खराहल घाटी की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित प्रसिद्ध श्री बिजली महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर तक पहुंचने के लिए कंगना ने कठिन पैदल चढ़ाई तय की। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि महादेव के आशीर्वाद से उन्हें अपार शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
इस दौरान कंगना के साथ उनके परिवार के सदस्य, टीम और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। देवदार के घने जंगलों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच पैदल यात्रा पूरी करने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय ध्यान लगाया और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। बाद में उन्होंने इस धार्मिक यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि कठिन चढ़ाई के बाद महादेव के दर्शन उनके लिए अविस्मरणीय और आध्यात्मिक अनुभव रहे।
ग्रामीणों के साथ लिया हिमाचली सिड्डू का स्वाद
मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों ने सांसद कंगना रनौत का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और स्थानीय मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान कंगना ने हिमाचल के पारंपरिक व्यंजन सिड्डू का स्वाद भी लिया और कहा कि हिमाचली संस्कृति, लोगों का अपनापन और यहां का पारंपरिक खान-पान हमेशा उनके दिल के करीब रहेगा।
हिमाचली संस्कृति के रंग में नजर आईं कंगना
धार्मिक यात्रा के दौरान कंगना पारंपरिक हिमाचली टोपी और सादगी भरे परिधान में नजर आईं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसकों द्वारा खूब पसंद की जा रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कुल्लू दौरे के दौरान कंगना रनौत ने खराहल घाटी के चंसारी क्षेत्र में निःशुल्क एंबुलेंस मोबाइल सेवा का शुभारंभ भी किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद का यह दौरा न केवल क्षेत्र के लोगों से जुड़ने का प्रयास है, बल्कि हिमाचल की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को भी नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।






