तेज रफ्तार में दौड़ रही कार बनी काल, हमीरपुर में बुजुर्ग महिला की गई जान
हमीरपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। बड़सर थाना क्षेत्र के बरोली इलाके में हुए सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान 84 वर्षीय दुलूंबी देवी निवासी गांव पथ्लियार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बीती रात बरोली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दुलूंबी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मैहरे निवासी कार चालक कार्तिक अपनी कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी हमीरपुर लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।






