मजबूत बूथ ही भाजपा की जीत की गारंटी : राकेश जमवाल, विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन को बताया सबसे महत्वपूर्ण, कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को 'विजय बूथ' बनाने का आह्वान
भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने जिला मंडी के प्रशिक्षण वर्ग में "बूथ प्रबंधन" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प ले। राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा केवल नारों के बल पर नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, सूक्ष्म योजना और बूथ स्तर पर निरंतर कार्य के दम पर चुनाव जीतती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक परिवार और मतदाता तक पहुंच बनाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन केवल मतदान दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना, लाभार्थियों से संवाद बनाए रखना, नए मतदाताओं को जोड़ना और संगठन के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाना इसकी मूल भावना है। उन्होंने प्रत्येक बूथ को "विजय बूथ" बनाने, नियमित बैठकें आयोजित करने, मतदाता सूची का अध्ययन करने तथा युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया।






