हिमाचल पंचायत चुनाव में फिर मतपत्र गड़बड़ी, सोलन-सिरमौर के बाद अब जोगेंद्रनगर में 30 बैलेट पेपर गायब
मंडी: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच मतपत्र गायब होने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोलन और सिरमौर के बाद अब मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में भी बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आया है। जोगेंद्रनगर के चौंतड़ा ब्लॉक में पंचायत चुनाव से ठीक तीन दिन पहले 30 मतपत्र लापता पाए गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मतपत्रों की जांच के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित एआरओ (Assistant Returning Officer) समेत कुल 9 कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट उपायुक्त मंडी को भेज दी गई है।
बताया जा रहा है कि पंचायत चुनावों के लिए बैलेट पेपर तैयार करने और उनकी गिनती का कार्य ब्लॉक स्तर पर चल रहा था। इसी दौरान रिकॉर्ड और उपलब्ध मतपत्रों के बीच अंतर पाया गया। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह लापरवाही थी या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
इससे पहले सोलन के कुनिहार क्षेत्र में भी पंचायत चुनावों के दौरान दो बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आया था, जिसमें एआरओ समेत आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस और प्रशासन दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होने हैं। ऐसे में लगातार सामने आ रही मतपत्र गड़बड़ियों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






