भाजपा जनता तक पहुंचाएगी केंद्र की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का 11 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा अभियान चलाकर कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। 'विकसित भारत का अमृतकाल' व 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' के 11 वर्षों पर आधारित इस अभियान के तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और फैसलों के साथ ही झूठी गारंटियों व वादों की पोल भी खोली जाएगी। भाजपा कार्यकर्ताओं को इस अभियान की रूपरेखा की जानकारी देने के लिए सोमवार को बिलासपुर में कार्यशाला आयोजित की गई। सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने मुख्य वक्ता तथा सुमित शर्मा ने सह वक्ता के रूप में उपस्थिति रहे। नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा, सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल व जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल विशेष तौर पर मौजूद रहे। राकेश जम्वाल ने कहा कि यूपीए सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में देश में भ्रष्टाचार चरम पर था। घोटालों की एक तरह से बाढ़ आ गई थी। देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल था। 2014 का साल भारत के लिए एक टर्निंग प्वाइंट बनकर आया। राकेश जम्वाल ने कहा कि अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता जहां मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएंगे। इसी कड़ी में कार्यकर्ता आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का पंजीकरण करवाना भी सुनिश्चित करेंगे।
15 जुलाई से 15 अगस्त तक हर बूथ स्तर पर 11-11 पौधे लगाने का आह्वान
प्रदेश भाजपा सचिव सुमित शर्मा ने कार्यकर्ताओं से 15 जुलाई से 15 अगस्त तक जिला के प्रत्येक बूथ पर 11-11 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समाज के सभी वर्गों को स्वस्थ रहने के लिए योग करने के साथ ही इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा चिट्टे जैसे अन्य घातक नशों पर चोट करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि 23 जून डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य तिथि पर बूथ स्तर पर जनजागरण कार्यक्रम किया जाएगा। 25 जून 1977 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश पर आपातकाल थोपा था। राष्ट्रीय विचारधारा के लोगों को जेलों मे डालकर लोकतंत्र की आवाज दबाई गई। वर्तमान पीढ़ी को उस काले दिवस की याद दिलाने के लिए 25 जून को चर्चा कार्यक्रम होंगे।












