झूलाखड़ी में शीर्ष 10 सीएससी वीएलई को किया सम्मानित
भारत सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को झूलाखड़ी में 'डिजिटल इंडिया मॉडल कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) कार्यक्रम' तथा जिला स्तरीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर चंबा जिला के सैकड़ों वीएलई (ग्राम स्तर उद्यमी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के सीएससी राज्य प्रमुख अशोक चौहान ने की, जबकि जिला प्रमुख विकास ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वयन की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमंडलीय अधिकारी (एसी) चंबा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर जिले के शीर्ष 10 सीएससी वीएलई को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, सेवा विस्तार तथा आम जनता को तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सीएससी के माध्यम से चल रही डिजिटल सेवाओं को अधिक प्रभावशाली बनाना, वीएलई समुदाय को नई दिशा देना एवं डिजिटल इंडिया मिशन को जनजन तक पहुंचाना रहा।












