झरेडी गांव में लैंडस्लाडिंग के तीन साल बाद भी नहीं लग पाया डंगा
विकास खंड झंडूता के तहत बडग़ांव पंचायत के झरेडी गांव में तीन साल पूर्व बरसात के कारण लैंडस्लाइड होने से गिरा डंगा अभी तक नहीं बन पाया है। इस कारण लोगों ने विभाग व प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया है। बडग़ांव-सुन्हाणी मुख्य सड़क से झरेडी गांव के लिंक रोड पर गिरा यह डंगा घरों के लिए भी खतरा बन गया है। डंगे के साथ में ही ऊपर की तरफ घर बने हुए हैं। डंगे के गिरने के कारण घरों में दरारें आ चुकी हैं। ग्रामीण दिलु राम, पवन, जानकी देवी, सुरेंद्र कुमार, दामोदरी देवी सहित अन्य ने बताया कि बरसात शुरू होने वाली है, जिस कारण घरों को खतरा बना हुआ है। लोगों ने कहा कि यदि डंगा लग जाता तो लैंडस्लाइडिंग से बचा जा सकता है, लेकिन अभी तक डंगा नहीं लगाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि घरों को कोई नुकसान होता है तो विभाग जिम्मेदार होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि उनकी जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए वहां पर डंगा निर्माण किया जाए, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें। सहायक अभियंता बरठी सुरजीत कैथ ने बताया कि अभी तक मामला हमारे संज्ञान में नहीं है। इसकी छानबीन की जाएगी। यदि ऐसा होगा तो कार्रवाई की जाएगी।












