कुल्लू-मनाली एनएच पर बिंदु ढांक में सड़क बहने से यातायात बाधित
कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर बिंदु ढांक के समीप सड़क का बड़ा हिस्सा ब्यास की लहरों में बह गया है। इस कारण एनएच पर यातायात एक तरफा को गया है। एनएचएआई की लापरवाही के कारण लोग घंटों तक जाम में फंसने को मजबूर हो रहे हैं।
वर्ष 2023 में आई बाढ़ में बिंदु ढांक के समीप सड़क का बढ़ा हिस्सा बह गया था। इसके बाद एनएचएआई ने यहां सड़क निर्माण को गंभीरता से नहीं लिया। ब्यास के किनारे महज क्रेटवाल लगाकर मलबा फेंका और टारिंग कर यातायात शुरू कर दिया। 2024 में भी यहां सड़क बह गई थी। अब इस साल भी सड़क का हिस्सा नदी में समा गया है। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस के चार जवान ड्यूटी पर तैनात किए हैं। बारी-बारी वाहन छोड़ने से वाहनों की लंबी लाइनें लग रही हैं। एक तरफ की लाइन बिंदु ढांक से क्लाथ तक पहुंच रही है तो दूसरी तरफ की लाइन बरान को जाने वाले संपर्क मार्ग तक पहुंच रही है।
लोगों का कहना है कि यहां पर व्यास का रुख सीधा सड़क की ओर है। लिहाजा यहां पर पक्की आरसीसी की दीवार लगाकर ही स्थायी समाधान किया जा सकता है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वाहनों को कुछ समय के अंतराल के बाद बारी बारी छोड़ा जा रहा है। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने बताया कि द्वितीय चरण में बिंदु ढांक में भी सड़क को बाढ़ से बचाने का प्रस्ताव है। फिलहाल सड़क को ठीक करने का कार्य चल रहा है।












