कहीं आप भी तो नहीं पी रहे डिटर्जेंट वाला दूध? कुल्लू में हुई जांच में हुआ बड़ा खुलासा
कुल्लू: खाद्य सुरक्षा विभाग कुल्लू द्वारा चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में दूध की गुणवत्ता को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विभाग द्वारा जांचे गए अधिकांश दूध के नमूनों में डिटर्जेंट के अंश पाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने दूध विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी जारी की है और भविष्य में लापरवाही मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अनिल शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीम सिंह के नेतृत्व में भुट्टी चौक में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 15 दूध और एक पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की प्रभारी एवं फूड एनालिस्ट दिव्या ठाकुर ने नमूनों की प्रारंभिक जांच की, जिसमें यूरिया, स्टार्च और डिटर्जेंट की मौजूदगी की जांच की गई।
जांच में राहत की बात यह रही कि दूध में यूरिया और स्टार्च की मिलावट नहीं मिली, लेकिन अधिकांश नमूनों में डिटर्जेंट के अंश पाए गए। विभाग का मानना है कि दूध रखने वाले बर्तनों और केनों की सफाई के बाद उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी से नहीं धोया गया, जिसके कारण डिटर्जेंट के अवशेष दूध में पहुंच गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि ऐसे रासायनिक अवशेष मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। विभाग ने सभी दूध विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा ऐसे मामले सामने आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 59 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माने से लेकर कारावास तक का प्रावधान है।






