मंडी: पंचायत चुनाव में जाली वोट डालने का आरोप, धर्मपुर के टिहरा वार्ड में मचा हड़कंप
हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव के बीच मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल के टिहरा वार्ड में जाली वोट (प्रोक्सी वोटिंग) डालने का मामला सामने आने से चुनावी माहौल गरमा गया है। जिला परिषद चुनाव लड़ रहीं प्रत्याशी रजिता ठाकुर और उनके पोलिंग एजेंट ने उपायुक्त मंडी और एसडीएम धर्मपुर को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार वंदना ठाकुर के बेटे दक्ष गुलेरिया का वोट उनके चालक से डलवाया गया।
शिकायत में कहा गया है कि मतदाता सूची में क्रमांक संख्या 44 पर दर्ज दक्ष गुलेरिया की जगह किसी अन्य व्यक्ति ने मतदान किया। मामले की जानकारी मिलते ही रजिता ठाकुर ने प्रशासनिक अधिकारियों से तुरंत शिकायत कर संबंधित वोट को निरस्त करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
बताया जा रहा है कि टिहरा वार्ड से वंदना ठाकुर, अनिता ठाकुर और रजिता ठाकुर के बीच सीधा मुकाबला है। ऐसे में जाली वोटिंग के आरोप सामने आने के बाद चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।
उधर, शिकायत मिलने के बाद एसडीएम धर्मपुर जोगेंद्र पटियाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार और सेक्टर अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






