एचआरटीसी की बस धरवाला बाजार में खराब, लगा लंबा जाम
चंबा-बटोट रूट पर चल रही एचआरटीसी की बस वीरवार शाम को धरवाला बाजार में अचानक खराब हो गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और स्थानीय लोग व राहगीर भारी परेशानी में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही धरवाला बाजार के बीचोंबीच पहुंची, उसमें अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह सड़क के बीचोंबीच खड़ी हो गई। करीब आधे घंटे तक स्थिति जस की तस रही, जिससे न सिर्फ स्थानीय दुकानदारों को असुविधा हुई, बल्कि आम जनता को भी यातायात अवरुद्ध होने का खामियाजा भुगतना पड़ा। बाजारवासियों और यात्रियों ने मिलकर पहल दिखाई और बस को धक्का मारकर सड़क किनारे किया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि एचआरटीसी की बसों का बार-बार खराब होना आम जनता के लिए बड़ी मुश्किल का कारण बनता जा रहा है।












