केंद्र था नगरोटा बगवां, अलॉट कर दिया ढलियारा!, NEET नहीं दे पाई कांगड़ा की छात्रा
धर्मशाला क्षेत्र में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि एजेंसी की लापरवाही के कारण एक छात्रा NEET परीक्षा देने से वंचित रह गई, जिससे उसका एक साल दांव पर लग गया है।
छात्रा के पिता जगदीश चंद्र कपूर ने बताया कि डाउनलोड किए गए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलियारा दर्शाया गया था। लेकिन परीक्षा के दिन जब छात्रा वहां पहुंची तो पता चला कि उस स्कूल में कोई परीक्षा केंद्र स्थापित ही नहीं किया गया था। इसके बाद परिजनों ने NTA हेल्पलाइन और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिली।
बाद में प्रशासनिक स्तर पर जानकारी मिली कि छात्रा का वास्तविक परीक्षा केंद्र नगरोटा बगवां में था। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और छात्रा को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
परिजनों का आरोप है कि इससे पहले भी 3 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान छात्रा को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि NTA की इस चूक ने उनकी बेटी का भविष्य प्रभावित किया है। परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे इस मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।






