शिमला में KNH की गायनी OPD शिफ्ट करने पर बवाल, महिलाओं ने सचिवालय तक निकाला पैदल मार्च; पुलिस से धक्का-मुक्की
कमला नेहरू अस्पताल यानी KNH से गायनी ओपीडी को IGMC शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ मंगलवार को महिलाओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाएं हिमलैंड से पैदल मार्च करते हुए छोटा शिमला स्थित सचिवालय के बाहर पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओपीडी शिफ्ट करने का फैसला वापस लेने की मांग की। सचिवालय के पास पुलिस ने महिलाओं को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और सर्कुलर रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। महिला समिति का कहना है कि पिछले पांच-छह महीने से इस फैसले का विरोध किया जा रहा है। समिति की राज्य महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि KNH में महिलाओं को एक ही परिसर में जांच और उपचार की सुविधा मिलती है, जबकि OPD को IGMC शिफ्ट करने से खासकर गर्भवती महिलाओं की परेशानी बढ़ सकती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि फैसला वापस नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।






