ऊना में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी, हलेड़ा बिलणा में बढ़ा विवाद
जिला ऊना के हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत हलेड़ा बिलणा में पंचायत चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कई लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब पाए गए हैं। इनमें पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही महिला हरप्रीत कौर का नाम भी शामिल है। नामांकन भरने से पहले जब महिला और उसके परिवार को इस बात की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया।
इस मामले को लेकर महिला के परिजनों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए इसे साजिश करार दिया है। मामला बढ़ने पर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय पहुंचा और जल्द समाधान की मांग उठाई। घटना के बाद पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण बन गया है।
चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही महिला का नाम ही गायब
जानकारी के अनुसार पंचायत चुनाव में भाग लेने की तैयारी कर रही हरप्रीत कौर का नाम मतदाता सूची में नहीं मिला, जिससे उनके चुनाव लड़ने पर संकट खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रेम सिंह औजला के नेतृत्व में महिला के पति हरप्रीत सिंह सहित अन्य ग्रामीण जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय पहुंचे।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश भी हो सकती है, ताकि कुछ उम्मीदवारों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर किया जा सके। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
उग्र आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मतदाता सूची में नाम दोबारा शामिल नहीं किए गए तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही गई है।
महिला के पति हरप्रीत सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी का नाम वर्ष 2020 की मतदाता सूची में दर्ज था और उन्होंने मतदान भी किया था, लेकिन इस बार उनका नाम सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में कई अन्य लोगों के नाम भी मतदाता सूची से गायब हैं।
उन्होंने कहा, “हम अधिकारियों के पास पहुंचे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि यह प्रशासनिक गलती है या फिर किसी व्यक्ति ने जानबूझकर ऐसा किया है। यदि सुनवाई नहीं हुई तो हम कोर्ट का रुख करेंगे।”
विभाग ने उच्च अधिकारियों को भेजा मामला
वहीं, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति में स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची में संशोधन संभव नहीं है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई उच्च स्तर पर ही तय की जाएगी।






