हिमाचल में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा, HRTC के बेड़े में शामिल हुईं 297 नई इलेक्ट्रिक बसें
हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ, आधुनिक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने जिला सोलन के क्यारीघाट से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में शामिल की गई नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रदेश में कुल 297 नई इलेक्ट्रिक बसें HRTC के बेड़े में शामिल की गई हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा। इन बसों के शामिल होने से उन क्षेत्रों में भी परिवहन सुविधा बेहतर होगी, जहां लंबे समय से बसों की कमी महसूस की जा रही थी। निगम के अनुसार, एक ई-बस को आवश्यकता के अनुसार प्रतिदिन दो से तीन रूटों पर चलाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल पर निर्भरता कम होगी, ईंधन खर्च में बचत होगी और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC के बेड़े में लगातार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नई हरे रंग की ई-बसें प्रदेश में स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेंगी तथा हिमाचल को हरित परिवहन की दिशा में नई पहचान देंगी।






