हिमाचल पुलिस में 'फरलो'! ऑनलाइन हाजिरी में बड़ी लापरवाही, DGP ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस में 'हिम उपस्थिति' अटेंडेंस पोर्टल के पालन को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में हुई समीक्षा में सामने आया कि प्रदेशभर में अब तक पोर्टल का 100 प्रतिशत अनुपालन नहीं हो पाया है। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी या तो पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हैं या फिर पंजीकरण के बावजूद नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं।
इस पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और यूनिट प्रमुखों को 25 जुलाई तक अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक व्यवस्था को पूरी तरह लागू किया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा आदेशों की अनदेखी की गई या वरिष्ठ अधिकारियों ने निगरानी में लापरवाही बरती, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य हिम उपस्थिति पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और डिजिटल बनाना है। अब सभी जिला और यूनिट प्रमुखों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है कि वे समय रहते पोर्टल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।






