देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के बीच मंडी की सांस्कृतिक विरासत भी बनी आकर्षण का केंद्र
देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल-2026 के तहत शनिवार को विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां जारी रहीं, जबकि फेस्टिवल के दौरान मंडी पहुंचे कई फिल्म एवं टीवी कलाकारों ने स्थानीय विरासत और संस्कृति में भी विशेष रुचि दिखाई। इसी क्रम में कलाकारों ने प्रसिद्ध हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी का अवलोकन कर प्रदेश के इतिहास, लोकजीवन, धार्मिक परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों को देखा। गैलरी के भ्रमण के बाद कलाकारों ने हिमाचल की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संग्रह प्रदेश की पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गैलरी में वर्षों से संजोए गए दुर्लभ दस्तावेजों और तस्वीरों को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताया। गौरतलब है कि वरिष्ठ छायाकार बीरबल शर्मा द्वारा स्थापित यह गैलरी पिछले करीब तीन दशकों से हिमाचल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का दस्तावेजी संग्रह संजोए हुए है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक, शोधार्थी और संस्कृति प्रेमी यहां पहुंचकर हिमाचल की विविधता को करीब से जानने का प्रयास करते हैं। रविवार को फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं फिल्मी गतिविधियों का समापन होगा।






