EVM सुरक्षा में बड़ी चूक: ड्यूटी से गायब मिला हवलदार, हाईकोर्ट से जुड़े मामले पर सवाल
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में जिला परिषद भवन में रखी ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। औचक निरीक्षण के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस हवलदार अपनी पोस्ट से अनुपस्थित पाया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग की ओर से किए गए अचानक निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित हवलदार न तो सुबह की शिफ्ट में मौजूद था और न ही शाम की ड्यूटी पर तैनात मिला। यह मामला संवेदनशील क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण प्रशासन ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया है।
हाईकोर्ट से जुड़ा है मामला
जिला परिषद भवन में रखी ये ईवीएम मशीनें बेहद संवेदनशील श्रेणी में आती हैं, क्योंकि इनसे जुड़ा मामला वर्तमान में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में विचाराधीन है। न्यायिक प्रक्रिया और चुनावी पारदर्शिता को देखते हुए इनकी सुरक्षा के लिए कड़े प्रोटोकॉल तय किए गए हैं। ऐसे में ड्यूटी में किसी भी प्रकार की चूक को गंभीर प्रशासनिक और कानूनी लापरवाही माना जा रहा है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी लापरवाही
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। नवंबर 2025 में भी बिलासपुर में ईवीएम सुरक्षा ड्यूटी के दौरान बड़ा मामला सामने आया था, जब बिलासपुर कॉलेज और लखनपुर में तैनात 8 पुलिसकर्मी (2 हेड कांस्टेबल और 6 कांस्टेबल) ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए थे। उस समय सभी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
प्रशासन की कार्रवाई
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने कहा...
“जिला परिषद भवन में ईवीएम सुरक्षा ड्यूटी से एक हवलदार नदारद पाया गया है। उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”












