कांगड़ा पुलिस की चिट्टा-चरस तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 4 अलग-अलग मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि दो नाबालिग भी मामलों में शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.412 किलोग्राम चरस (करीब 1 किलो 412 ग्राम), 154.51 ग्राम हेरोइन, दो ऑल्टो कारें और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पिछले दो दिनों में जिले में कुल सात एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 12 लोग शामिल पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और स्थानीय लोगों के सहयोग से नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पालमपुर में पहले मामले में 114 ग्राम चरस के साथ धीरज कुमार (24), निवासी चंबा को गिरफ्तार किया गया और उसकी मोटरसाइकिल जब्त की गई। दूसरे मामले में 1 किलो 29 ग्राम चरस के साथ योगेंद्र कुमार, निवासी थाची (मंडी) को गिरफ्तार कर उसकी ऑल्टो कार जब्त की गई।
धर्मशाला में तीसरे मामले में 154.51 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में संदीप, निवासी कांगड़ा, को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग भी शामिल पाया गया। वहीं बैजनाथ में चौथे मामले में 269 ग्राम चरस बरामद की गई, जिसमें अनिल कुमार शिवांश (18 वर्ष) और एक अन्य नाबालिग की संलिप्तता सामने आई।
एसपी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






