मंडी कोर्ट में सनसनी: घरेलू हिंसा मामले की सुनवाई के दौरान पति ने पत्नी पर फेंका तरल पदार्थ
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में शुक्रवार को न्यायालय परिसर के भीतर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने अदालत में मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी पर कोर्ट रूम के अंदर संदिग्ध जहरीला पदार्थ फेंक दिया। घटना के बाद अदालत कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बल्ह उपमंडल की रहने वाली एक महिला और उसके पति के बीच घरेलू विवाद का मामला न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट-दो (प्रथम श्रेणी), मंडी में विचाराधीन है। शुक्रवार को महिला अपने अधिवक्ता के साथ मामले की सुनवाई के लिए अदालत पहुंची थी। उस समय न्यायाधीश अदालत की नियमित कार्यवाही में व्यस्त थे और विभिन्न मामलों की सुनवाई चल रही थी।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे महिला अपने वकील के साथ अदालत कक्ष में मौजूद थी। इसी दौरान उसका पति चुपचाप उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। महिला के अनुसार, कुछ ही क्षण बाद उसे अपनी पीठ और दाहिने हाथ पर किसी ठंडी वस्तु के गिरने का एहसास हुआ। जब उसने अपने हाथ की ओर देखा तो उस पर तेलनुमा संदिग्ध तरल पदार्थ लगा हुआ था।
पीछे मुड़कर देखा तो हाथ में थी शीशी
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो उसका पति हाथ में एक छोटी शीशी लिए हुए था और उसी में मौजूद तरल पदार्थ उसकी ओर फेंक रहा था। महिला का आरोप है कि उसके पति ने जानबूझकर उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से कोई जहरीला अथवा नशीला पदार्थ उसके ऊपर फेंका।
घटना के बाद अदालत कक्ष में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई और पीड़िता की शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शीशी में मौजूद पदार्थ क्या था और उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस ने संदिग्ध तरल पदार्थ की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अदालत परिसर में सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। खुले कोर्ट रूम में किसी व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ ले जाकर फेंकने की घटना ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मामले की जांच के साथ-साथ अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की भी मांग उठने लगी है।






