मणिमहेश जाते थार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, पंजाब के श्रद्धालु की मौत
चंबा: हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान प्रदेश भर में जगह-जगह लैंडस्लाइड के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला चंबा जिले से है, यहां पहाड़ी से गिरे एक पत्थर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है. चंबा में मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की थार गाड़ी पर पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर आ गिरा. हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी का सनरूफ पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
"मणिमहेश यात्रा पर जा रही थार गाड़ी पर पत्थर गिरने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है. पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है." - विजय कुमार सकलानी, एसपी चंबा
मणिमहेश जा रहे थे पंजाब के श्रद्धालु
चंबा पुलिस के मुताबिक हादसा मेहला के पास सुबह करीब तीन बजे हुआ है. मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी जब मेहला क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सीधे गाड़ी के सनरूफ पर आ गिरा. हादसे के दौरान गाड़ी में चार लोग सवार थे, जिसमें एक युवक इस पत्थर की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ये सभी पंजाब से आए थे और चंबा में मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे थे. वहीं, पत्थर की जबरदस्त टक्कर से गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
पत्थर गिरने से पहले भी हो चुकी है 13 लोगों की मौत
गौरतलब है कि हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश का दौर जारी है. जिसके चलते जगह-जगह लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की घटनाएं देखने को मिल रही है, जिससे कई लोग मौत का ग्रास बन रहे हैं. गौरतलब है कि बीते दिनों में चंबा में पहाड़ से गिरी चट्टानों की चपेट में एक गाड़ी आ गई थी. कुछ दिन पहले पांगी और लाहौल के बीच पर देखते ही देखते ही पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूट गया और एक बोलेरो कैंपर पर गिरा, जिससे उसमें सवार 13 लोगों की मौत हो गई थी.






