सिरमौर में बाप-बेटे पर तलवार से हमला करने बदमाशों को पुलिस ने दबोचा. 2 गाड़ियां भी जब्त
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बाप-बेटे पर हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले के मामले में सिरमौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना माजरा के तहत कोलर क्षेत्र में दुकान में घुसकर तलवारों और डंडों से हमला करने वाले मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी कब्जे में लिया है।
यह हमला 11 मई 2026 की रात को हुआ था, जब कुछ युवक चेहरे ढककर एक दुकान में घुस आए और वहां मौजूद बाप-बेटे पर लाठियों और तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर के निर्देश पर थाना माजरा पुलिस और सिरमौर पुलिस की साइबर सेल की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और गुप्त सूचनाओं के आधार पर हरियाणा में लगातार दबिश दी। लंबी तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि हमला पूरी प्लानिंग के तहत किया गया था। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, कोलर गांव में एक घर के साथ बनी दुकान में 11 मई की रात हमला हुआ था। शिकायतकर्ता विशाल कुंडल ने बताया कि दो दिन पहले एक डंपर चालक और उसके पिता के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
घटना वाली रात काले रंग की गाड़ी में सवार होकर 5 से 6 युवक दुकान पर पहुंचे। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। दुकान के अंदर घुसते ही हमलावरों ने लाठियों और तलवारों से हमला शुरू कर दिया। हमले में विशाल कुंडल और उसके पिता घायल हो गए, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए थे।
शिकायत के आधार पर थाना माजरा में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
4 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान हमले के पीछे की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।






