HPRCA ने जारी किया साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट परीक्षा का रिजल्ट, 13 मई से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने विभिन्न तकनीकी पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट पदों की परीक्षाओं के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
जारी परिणामों में साइंटिफिक असिस्टेंट (केमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25015, साइंटिफिक असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25016, लैब असिस्टेंट (केमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25017 तथा लैब असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25019 शामिल हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वे अभ्यर्थी, जिन्होंने लिखित परीक्षा में निर्धारित मानदंडों को सफलतापूर्वक पूरा किया है, उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित किया गया है।
एचपीआरसीए के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 13 मई 2026 से सुबह 10 बजे आयोग परिसर में शुरू की जाएगी। विस्तृत शेड्यूल आयोग की वेबसाइट पर अलग से अपलोड किया जाएगा, साथ ही उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को अलग से कॉल लेटर या डाक के माध्यम से सूचना नहीं भेजी जाएगी।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने सभी मूल दस्तावेज, उनकी फोटोकॉपी के दो-दो सेट तथा एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इनमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आयु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं।
आयोग ने सख्त चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न विभागों में वैज्ञानिक और प्रयोगशाला सहायकों के पद भरे जाएंगे, जिससे तकनीकी कार्यों को मजबूती मिलेगी और विभागों की कार्यक्षमता में भी सुधार आने की उम्मीद है।












