HPRCA ने जारी किए इन दो भर्ती परीक्षाओं के परिणाम, 6 जून से होगी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने दो भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। आयोग ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) और मेडिकल लैब टैक्निशियन ग्रेड-2 के पदों के लिए 25 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का रिजल्ट जारी किया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट HPRCA पर देख सकते हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) के 78 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 159 उम्मीदवार डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए चयनित हुए हैं, जबकि मेडिकल लैब टैक्निशियन ग्रेड-2 परीक्षा में 2 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं।
दोनों परीक्षाओं के सफल अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 6 जून सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचना भेजी जाएगी। आयोग की ओर से अलग से कॉल लेटर जारी नहीं किए जाएंगे।
उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान सभी मूल प्रमाण पत्र, सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी के दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।






