निरमंड के थंथल में ब्रेक फेल होने से सड़क से नीचे गिरी HRTC बस, चालक बाल-बाल बचा; टला बड़ा हादसा
कुल्लू के निरमंड क्षेत्र के थंथल में शनिवार को HRTC बस अचानक सड़क से नीचे जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस को सड़क के किनारे करने के दौरान अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया और कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार बस पिछले दो दिनों से खराब हालत में थंथल में खड़ी थी और शनिवार को उसे सड़क से हटाकर किनारे करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय बस के आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।






