चुनाव ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मचारी पर कार्रवाई, SDM मनाली ने जारी किया नोटिस
कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दौरान चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मनाली के रिटर्निंग ऑफिसर-कम-एसडीएम द्वारा चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार कटराईं वार्ड नंबर-2 में पोलिंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त चंदर मणि, जो आईएआरआई आरएस कटराईं में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं, को निर्धारित समय और स्थान पर चुनाव ड्यूटी के लिए उपस्थित होना था। हालांकि, शिकायत मिली कि संबंधित कर्मचारी तय समय पर ड्यूटी स्थल पर रिपोर्ट नहीं कर पाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रिटर्निंग ऑफिसर-कम-एसडीएम मनाली ने कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ऐसे में ड्यूटी से गैरहाजिर रहने या आदेशों की अवहेलना करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।






