HRTC हड़ताल को लेकर प्रशासन चौकन्ना, बस अड्डों पर पुलिस तैनात
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए कुल्लू जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि कुल्लू, मनाली, भुंतर, बंजार, पतलीकूहल और आनी सहित सभी प्रमुख बस अड्डों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय एसडीएम और डीएसपी को भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इसके अलावा निजी बसों के सुचारू संचालन और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों को निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है और किसी भी हाल में आम जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।






