सेब के बाद अब गर्म जलवायु में एवोकाडो उगाने के करीब हरिमन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पद्मश्री अवार्ड प्राप्त करने वाले बिलासपुर के पनियाला गांव के प्रगतिशील बागवान हरिमन शर्मा गद्गद् हैं। सेब प्रजाति एचआरएमएन-99 के जनक हरिमन शर्मा से 'अनंत ज्ञान' ने विशेष बातचीत की। उन्होंने बताया कि वह अब बिलासपुर की गर्म जलवायु में एवोकाडो, खुमानी, प्लम और कॉफी जैसी फसलों की खेती की दिशा में विशेष कार्य करेंगे। एवोकाडो पर वह पिछले करीब डेढ़ साल से कार्य कर रहे हैं और वह कामयाबी के लगभग करीब हैं। वह हिमाचल की सीमाओं से बाहर निकलकर भी गर्म जलवायु में फलदार पौधों की नई किस्में उगाने पर प्रयोग करेंगे और किसानों-बागवानों को प्रशिक्षित भी करेंगे। उनका कहना है कि बिलासपुर में तापमान अधिक होता है, लेकिन तकनीकी विधियों और सही प्रबंधन से यहां भी सारी फसलें उगाई जा सकती हैं। 'अनंत ज्ञान टीवी' आने वाले समय में हरिमन शर्मा के इन प्रयोगों और उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी पेश करेगा। पद्मश्री सम्मान मिलने पर उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि बागवानी में नए प्रयोग और नवाचारों की ओर बढऩे की जिम्मेदारी है। दिल्ली में उनकी प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे विशेष तौर पर अनुरोध किया कि एचआरएमएन-99 प्रजाति के सेब उन्हें भेजे जाएं। इस पर हरिमन ने तुरंत हामी भरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को जल्द ही सेब भेंट करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री मेरे उगाए सेबों में रुचि रखते हैं।