114 ग्राम चरस के साथ दो व्यक्ति गिरफ्तार
पुलिस की उपमंडलीय एस.आई.यू. टीम ने बुधवार सुबह नाके के दौरान कार सवार दो व्यक्तियों को 114 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धनोटू थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी व्यक्तियों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना के हवाले कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार एसआईयू. टीम ने एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में जिसमें मुख्य आरक्षी हंसराज, आरक्षी कुलदीप, सतीश, कमल व उपेश राणा शामिल रहे ने तरोट के समीप फोरलेन पर बुधवार सुबह नाका लगा रखा था और कुल्लू से बिलासपुर की ओर जाने वाली गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने कुल्लू की ओर से आ रही एक कार (एचपी 32 बी 7007) को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार के अंदर डैशबोर्ड में रखे पॉलीथीन के पैकेट में चरस बरामद की। जिसका वजन करने पर वह 114 ग्राम निकली। जिस पर पुलिस ने आरोपी कार चालक मनोज कुमार पुत्र श्यामलाल उम्र 33 वर्ष गांव चामबा डाकघर जांबला तहसील सुंदरनगर जिला मंडी व शमशेर पुत्र राम कुमार गांव व डाकघर किला जफरगढ़ तहसील जुलाना जिला जींद हरियाणा को गिरफ्तार और कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत धारा 20, 25, 29 में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।












