स्कूल से लौटते समय हादसा: मां-बेटे को ले जा रही गाड़ी ने 11 साल के मासूम को रौंदा, मौके पर गई जान
कांगड़ा/ज्वालामुखी: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कूल में एडमिशन करवाकर लौट रहे एक मासूम बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। ज्वालामुखी क्षेत्र के भडोली में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिवार के साथ खुशियों भरा दिन अचानक मातम में बदल गया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 11 वर्षीय ऋषभ पटियाल के रूप में हुई है, जो गांव धनोट का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि ऋषभ अपनी मां सुलोचना देवी के साथ भडोली स्थित कुटियारा स्कूल में छठी कक्षा में एडमिशन करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय धर्मशाला से नादौन की ओर जा रही एक टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाने के बावजूद नहीं बच सकी जान
हादसे के तुरंत बाद टैक्सी चालक आशीष ने मानवता दिखाते हुए गाड़ी रोकी और घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के साथ मिलकर उसे देहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ऋषभ अपने परिवार का बड़ा बेटा था और उसके छोटे भाई का नाम गौरव पटियाल बताया जा रहा है। इस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह से टूट गया है। जिस दिन बच्चे का स्कूल में दाखिला हुआ, उसी दिन उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इलाके में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।
चालक ने किया सरेंडर
ज्वालामुखी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने घटना के बाद खुद ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है।












