कंडाघाट में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार स्कूटी, युवक की मौत
अनंत ज्ञान, कंडाघाट
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 चंडीगढ़-शिमला सड़क मार्ग पर नगर पंचायत कंडाघाट के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। यह दुर्घटना जल शक्ति विभाग कार्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर सुबह लगभग 10 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार युवक तेज रफ्तार में शिमला की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक युवक स्कूटी से नियंत्रण खो बैठा और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सिविल अस्पताल कंडाघाट पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
डीएसपी हेडक्वार्टर सोलन अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान रमेश पुत्र पूर्ण निवासी गांव दरागटू, डाकघर तुंदल, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है। युवक की उम्र मात्र 21 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेज दिया है। वहीं पुलिस थाना कंडाघाट में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।
इधर प्रशासन की ओर से मृतक युवक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।






