चंबा में भारी लैंडस्लाइड, 24 से अधिक गांवों का संपर्क टूटा; चांजू-चूरसिया मार्ग ठप
चंबा: देवभूमि हिमाचल में मानसून से पहले ही पहाड़ों के दरकने का सिलसिला तेज़ होता जा रहा है, जो आने वाले समय के लिए गंभीर खतरे का संकेत माना जा रहा है। ताज़ा मामला चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के चांजू स्थित चूरसिया क्षेत्र से सामने आया है, जहां पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा।
इस भीषण लैंडस्लाइड के चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा गिरते हुए देखा जा सकता है। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
24 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूटा
लैंडस्लाइड के बाद इस क्षेत्र के 24 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मलबा हटाकर सड़क बहाल करने की मांग की है।
प्रशासन और PWD ने शुरू की कार्रवाई
अधिशासी अभियंता जोगिंदर कुमार ने बताया कि लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी विभाग को मशीनरी मौके पर तैनात करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उनका कहना है कि प्राथमिकता जल्द से जल्द मार्ग को बहाल करना है ताकि लोगों को राहत मिल सके और यातायात फिर से सामान्य हो सके।
मानसून से पहले ही बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के बाद से हर मानसून में हिमाचल प्रदेश को भारी तबाही का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इस बार मानसून से पहले ही पहाड़ों के दरकने की घटनाएं सामने आने लगी हैं, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे विशेषकर शाम के समय पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।












