10वीं में कंपार्टमेंट आने के बाद छात्र ने उठाया खौफनाक कदम, बिलासपुर में 15 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या
बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत जड्डू कुलज्यार के गांव ठठल जंगल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10वीं कक्षा में कंपार्टमेंट आने के बाद वह मानसिक तनाव में चल रहा था।
बताया जा रहा है कि अमन कुमार ने इस वर्ष राजकीय उच्च पाठशाला ठठल जंगल से 10वीं की परीक्षा दी थी। रविवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में उसे कंपार्टमेंट आई थी। परिजनों के अनुसार रिजल्ट आने के बाद से वह काफी परेशान और चुपचाप रहने लगा था।
घटना के समय अमन घर में अकेला था। उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां किसी समारोह में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान अमन ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर छत से फंदा लगा लिया।
दोपहर बाद जब उसकी मां घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें शक हुआ। खिड़की से अंदर देखने पर अमन फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस थाना तलाई को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।






