आपदा से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध करें सुनिश्चित: कुलबीर राणा
आगामी दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तथा विभागीय समन्वय को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने की। बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्वतारोहण उप केंद्र भरमौर, राजस्व, पुलिस, अग्निशमन सेवा, शिक्षा तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मानसून के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीएम कुलबीर सिंह राणा ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक उपकरणों, मशीनरी और जनशक्ति की उपलब्धता को सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी रूप से निपटा जा सके। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त करने व त्वरित टीमें गठित करने और साथ ही उन्होंने आपदा से निपटने के लिए शिक्षा विभाग को स्कूलों में मॉक ड्रिल आयोजित करने के लिए भी निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने नियंत्रण कक्ष व राहत शिविर स्थापित करने के संभावित स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।












