78,820 अफीम के पौधे किए नष्ट
पुलिस की ओर से जिला कुल्लू में लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई की गई है और कई आरोपियों को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसी कड़ी में विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस को दो बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। इसमें पहले मामले में भुंतर पुलिस ने एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में बंजार पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए हजारों की संख्या में उगाए गए पौधों को नष्ट किया है। पहले मामले में पुलिस थाना भुंतर की एक टीम गश्त के दौरान, जब हाथीथान क्षेत्र में आरके शॉल इंडस्ट्री के समीप पहुंची, तो एक युवक की गतिविधियों पर संदेह होने पर उसे रोका गया। पूछताछ के दौरान जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 450 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार (21) पुत्र राम कुमार निवासी गांव एवं डाकघर जिया, तहसील भुंतर व जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया था और इसे कहां बेचने वाला था। वहीं, दूसरी ओर पुलिस थाना बंजार की टीम ने गश्त के दौरान श्रीकोट हुरी, खाता केली और कचयाली क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। इन इलाकों में पुलिस ने खेतों में अवैध रूप से उगाए गए करीब 78,820 अफीम के पौधों को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस ने इस संदर्भ में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 18 के तहत तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन पौधों की खेती किसने और क्यों की थी। इन मामलों में भी जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि करते हुए बताया कि चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे मामले में बंजार पुलिस टीम ने अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया है। उन्होंने बताया कि जिले में नशे को जड़ से खत्म करने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर रही है और जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।












