ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर, परिवार को बेहोश कर 2 लाख कैश और 12 लाख के गहने चोरी
ऊना जिले के थाना कलां क्षेत्र के मंझेड़ गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर करीब 14 लाख रुपये की चोरी कर ली। वारदात के दौरान परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने की बात सामने आई है। चोर घर से करीब 2 लाख रुपये नकद और 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए।
ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार विक्रम सिंह का परिवार बुधवार रात खाना खाने के बाद घर में सो गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के एक कमरे की पिछली दीवार में लगी लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए।
आरोप है कि चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाया, जिसके बाद वे गहरी नींद में चले गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह जागने पर चला चोरी का पता
सुबह परिवार के सदस्य उठे तो कमरे में सामान बिखरा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर करीब 2 लाख रुपये नकद और 12 लाख रुपये के आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना कलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। परिवार के अनुसार नकदी दिल्ली से सामान खरीदने के लिए रखी गई थी, क्योंकि उनके बेटे होलसेल का कारोबार करते हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों तक पहुंचने के लिए हर संभव सुराग की जांच की जा रही है।






