कुल्लू में 15 सितंबर तक एडवेंचर एक्टिविटी पर ब्रेक, राफ्टिंग- पैराग्लाइडिंग समेत सभी साहसिक गतिविधियां बंद
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मानसून के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सभी साहसिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 16 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक जिले में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग और बंजी जंपिंग सहित सभी एडवेंचर गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया कि यह निर्णय हर वर्ष बरसात के मौसम में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया जाता है। मानसून के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने और मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए साहसिक गतिविधियां जोखिम भरी हो जाती हैं। इसी कारण दो महीने तक इन गतिविधियों के संचालन पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं।
15 सितंबर के बाद ही शुरू होंगी गतिविधियां
अब कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटक 15 सितंबर के बाद ही रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे। इस अवधि में जिले के किसी भी पर्यटन स्थल पर इन गतिविधियों के संचालन की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा ने कहा कि प्रशासन के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति, संस्था या ऑपरेटर प्रतिबंध के बावजूद साहसिक गतिविधियों का संचालन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी पर्यटन संचालकों और एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑपरेटरों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मानसून में हर साल लगती है रोक
गौरतलब है कि कुल्लू में मानसून के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ जाता है, जबकि तेज बारिश और भूस्खलन की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए जिला प्रशासन हर वर्ष जुलाई से सितंबर के बीच साहसिक गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाता है।
मुख्य बातें:
- 16 जुलाई से 15 सितंबर तक एडवेंचर एक्टिविटी बंद।
- रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग और बंजी जंपिंग पर रोक।
- पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन का फैसला।
- आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई।






