HPNLU शिमला के छात्र का वीडियो वायरल, रैगिंग और उत्पीड़न के आरोपों से मचा हड़कंप; यूनिवर्सिटी बोली- जांच जारी
हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी शिमला के एक छात्र का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। छात्र ने यूनिवर्सिटी पर परेशान करने और बैचमेट्स पर रैगिंग के आरोप लगाए हैं। साथ ही उसने अपने खिलाफ झूठी एफआईआर और शिकायतें किए जाने का दावा करते हुए आरोपों से इनकार किया है। वहीं, यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि निखिल प्रकाश और अन्य के खिलाफ रैगिंग की शिकायत मिली है और मामला एंटी-रैगिंग नियमों व कानून के तहत सक्षम अधिकारियों के विचाराधीन है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक जांच अभी जारी है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। शिकायतकर्ता ने अर्की पुलिस थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।






