बेटी की डोली उठी, कुछ घंटों बाद बेटे की अर्थी; बहन की विदाई के बाद भाई की सड़क हादसे में मौ.त
कहते हैं, खुशियां कब गम में बदल जाएं, इसका किसी को अंदाजा नहीं होता। कांगड़ा जिले के पुलिस जिला देहरा के तहत जसवां क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह ऐसा ही दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जहां बेटी की विदाई के कुछ ही घंटों बाद बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई।
गांव बढ़ाल निवासी घनश्याम शर्मा की बेटी की सोमवार रात पंजाब के तलबाड़ा में शादी हुई थी। मंगलवार सुबह परिवार ने नम आंखों से बेटी को विदा किया। बहन की विदाई के बाद उसका भाई दिनेश शर्मा (30) रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए तलबाड़ा गया था, लेकिन घर लौटते समय वह सड़क हादसे का शिकार हो गया।
सुबह करीब पांच बजे दिनेश अपनी कार से वापस घर लौट रहा था। बढ़ाल के जंगल के पास अचानक उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, छत पिचक गई और एयरबैग खुल गए।
राहगीरों ने सड़क किनारे पलटी कार देखकर तुरंत मौके पर पहुंचकर दिनेश को बीबीएमबी अस्पताल, तलबाड़ा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जिस घर से कुछ घंटे पहले बेटी की डोली उठी थी, उसी घर में अब बेटे की अर्थी उठाने की तैयारी होने लगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दिनेश शर्मा की करीब छह महीने बाद शादी होने वाली थी और परिवार उसके नए जीवन के सपने संजो रहा था।
पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं, एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।






