बिलासपुर: बागछाल पुल के नीचे अज्ञात महिला का श*व बरामद, इलाके में दहशत का माहौल
अनंत ज्ञान ब्यूरो, बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब स्वारघाट और झंडूता उपमंडलों की सीमा से सटे बागछाल पुल के नीचे पानी में एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तलाई पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे पानी में एक महिला का शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकाला। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत डूबने से हुई है या मामला किसी अन्य संदिग्ध परिस्थिति से जुड़ा हुआ है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान करवाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं महिला के लापता होने संबंधी कोई शिकायत तो दर्ज नहीं है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।






