दियोटसिद्ध मंदिर में बड़ा बदलाव, अब बिना जेब वाले कपड़ों में कर्मचारी करेंगे चढ़ावे की गिनती
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित विश्वविख्यात बाबा बालकनाथ दियोटसिद्ध मंदिर में चढ़ावे की गणना व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। 13 जुलाई से चढ़ावे की गिनती करने वाले सभी कर्मचारियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनकर ही ड्यूटी करनी होगी।
यह निर्णय उपायुक्त हमीरपुर एवं मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ के निर्देश पर लिया गया है। हाल ही में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद मंदिरों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे की गिनती पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ होना बेहद जरूरी है। दियोटसिद्ध मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु बाबा बालकनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर में नकदी की गणना पहले से ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अधिकृत कर्मचारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में की जाती है। अब इस प्रक्रिया में बिना जेब वाले कपड़े पहनने की अनिवार्यता भी जोड़ दी गई है, ताकि चढ़ावे की गिनती पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।






