शाहपुर के पुहाड़ा में पुल के नीचे व्यक्ति का शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंका पर लोगों का फूटा गुस्सा
कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के तहत मंडी-पठानकोट फोरलेन पर पुहाड़ा में खोली खड्ड पर बने पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यक्ति करीब 80 फीट ऊंचे पुल से खड्ड में गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए साजिश और हत्या की आशंका जताई। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जानी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके। घटना के विरोध में लोगों ने मंडी-पठानकोट फोरलेन पर प्रदर्शन किया और पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उचित जांच की मांग उठाई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय पवन कुमार पुत्र नीचू राम, निवासी गांव किला, पंचायत रेहलू, विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के रूप में हुई है। पवन कुमार पेशे से मिस्त्री था और किसी कार्य से चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र गया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह चंबा-शिमला रूट की बस से वापस लौट रहा था। उसे शाहपुर में उतरना था, लेकिन वह गलती से पुहाड़ा में उतर गया। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है तथा लोग सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।






