सांसद तिवारी ने ग्रीन बेल्ट पार्क और सीसीटीवी कैमरों का किया उद्घाटन
चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने रविार को सेक्टर 30-ए में नव विकसित ग्रीन बेल्ट पार्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी, उपमहापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद तरुणा मेहता, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा, अन्य पार्षदगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं शहर के प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि इस पार्क का विकास शहर में समावेशी, सुलभ एवं पर्यावरण अनुकूल मनोरंजन स्थलों को उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ग्रीन बेल्ट पार्क लगभग 3.5 एकड़ में फैला हुआ है और इसे विभिन्न फंडिंग स्रोतों के तहत 77.65 लाख रुपए से अधिक की लागत से पुन: विकसित किया गया है। ग्रीन बेल्ट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए तरुणा मेहता ने बताया कि वार्ड विकास निधि के तहत एक 1,250 मीटर लंबा सीमेंट कंक्रीट वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है, साथ ही एक आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक भी निर्मित किया गया है। वहीं, सेक्टर 41ए, चंडीगढ़ में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास (एमपीएलएडी) योजना के अंतर्गत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद हरदीप सिंह बुटरला, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के प्रमुख निवासी उपस्थित रहे। इस परियोजना के तहत, क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कुल 22 उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाले सीसीटीवी कैमरे रणनीतिक रूप से लगाए गए हैं, ताकि लोगों की आवाजाही की निगरानी की जा सके और समग्र सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके। इस प्रणाली को 5 डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) से जोड़ा गया है।












