वन्य रक्षकों ने खज्जियार झील में गिरे आईफोन को निकालकर पर्यटक को वापस देकर पेश की मिसाल
प्रदेश के मिनी स्विट्ज़रलैंड कहे जाने वाले खज्जियार में एक दिलचस्प और सराहनीय घटना सामने आई। पंजाब के लुधियाना से घूमने आई पर्यटक महिला का आईफोन फोटोग्राफी के दौरान अचानक उसके हाथ से फिसलकर खज्जियार झील में गिर गया। यह घटना दोपहर लगभग 3 बजे की है। फोन के गहराई में समा जाने और झील के दलदली होने के कारण महिला पर्यटक का नाम सपना और रवीना रानी बताया जा रहा हैं। ऐसे में उन्होंने तुरंत मौके पर मौजूद वन्य प्राणी रक्षक जगदीश चंद को सूचना दी। जगदीश चंद और उनकी टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और सेवा भाव दिखाते हुए बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। करीब 30 मिनट की कठिन मशक्कत और विशेष उपकरणों की सहायता से उन्होंने मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक झील से बाहर निकाला। इस सराहनीय प्रयास में टीम के सदस्य और पूर्व सैनिक रमेश चंद की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बताया जाता है कि खज्जियार झील की गहराई और उसमें मौजूद दलदल किसी भी सामान्य व्यक्ति के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है, लेकिन टीम ने अपने अनुभव, साहस और सूझबूझ से इस कार्य को अंजाम दिया। पर्यटक महिलाओं ने इस मदद के लिए गहरी कृतज्ञता जताते हुए वन विभाग और विशेष रूप से जगदीश चंद एवं उनकी टीम को धन्यवाद दिया। यह घटना न सिर्फ एक पर्यटक के लिए राहत का कारण बनी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां के लोगों में सेवा, समर्पण और सतर्कता की भावना भी उतनी ही गहराई से रची-बसी है।












